Bokaro: ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण शाखा, बोकारो ने सी-3 संस्था के तकनीकी सहयोग से बालिकाओं के लिए खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता राजकीयकृत उच्च विद्यालय, लकड़ाखंदा, चास-2 और पीएम श्री पंचानन राजबाला +2 उच्च विद्यालय, सतनपुर में आयोजित हुई।

फुटबॉल, वॉलीबॉल और खो-खो में दिखाया दम
प्रतियोगिता में बालिकाओं ने फुटबॉल, वॉलीबॉल और खो-खो में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें यह संदेश देना था कि खेल के क्षेत्र में उनके लिए कोई सीमा नहीं है।
खेल से बढ़ेगा आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता
आयोजन के माध्यम से बालिकाओं में खेल के प्रति रुचि और सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया। साथ ही शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

खेल व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम : डीएसडब्ल्यूओ
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (डीएसडब्ल्यूओ) डॉ. सुमन गुप्ता ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को समान अवसर और प्रोत्साहन देकर जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए सक्षम बनाया जा सकता है।
विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल के समन्वय से बालिकाओं का सशक्त एवं अनुशासित व्यक्तित्व विकसित किया जा सकता है। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उप-विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में प्रधानाध्यापक विनय कुमार पांडे, सेवा दास हेम्ब्रम, शारीरिक शिक्षक आशुतोष कुमार, अरुण मिश्रा सहित अन्य शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।
