Bokaro: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का पहला चरण बुधवार रात 12 बजे समाप्त हो गया। जिले के सभी 15,35,267 मतदाताओं तक लगभग शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र पहुंचाने और उपलब्ध प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। हालांकि पहले चरण के आंकड़ों ने चिंता बढ़ा दी है। अब तक 3,22,197 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा नहीं किए हैं। ऐसे मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सकते हैं।

डबल एंट्री और एएसडी मामलों की पहचान
विशेष अभियान के दौरान जिले में 24,809 डबल एंट्री (डीएसई) और 9,114 अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत (एएसडी) मतदाताओं की पहचान की गई है। निर्वाचन आयोग इन सभी मामलों की नियमानुसार जांच कर अंतिम निर्णय लेगा।
बोकारो विधानसभा में सबसे अधिक लंबित प्रपत्र
विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 2,04,632 गणना प्रपत्र बोकारो विधानसभा क्षेत्र से प्राप्त नहीं हुए हैं। इसके अलावा बेरमो में 56,101, गोमिया में 39,213 और चंदनकियारी में 32,251 प्रपत्र लंबित हैं। बोकारो विधानसभा में डिजिटाइजेशन का प्रतिशत केवल 65.75 प्रतिशत रहा, जो जिले में सबसे कम है। वहीं गोमिया में 87.74 प्रतिशत, बेरमो में 83.09 प्रतिशत और चंदनकियारी में 88.74 प्रतिशत डिजिटाइजेशन दर्ज किया गया।

शहरी क्षेत्रों में अपेक्षा से कम सहभागिता
सेक्टर-2 स्थित जायका हैपनिंग्स में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य किसी पात्र मतदाता का नाम हटाना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने अभियान में उत्साहपूर्वक सहयोग किया, जबकि शहरी क्षेत्रों के शिक्षित एवं जागरूक नागरिकों की भागीदारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही।
5 अगस्त के बाद भी जुड़वा सकेंगे नाम
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का किसी कारणवश गणना प्रपत्र जमा नहीं हो पाया है, वे 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद प्रपत्र-6 के माध्यम से अपना नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नाम जोड़ने, संशोधन और स्थानांतरण की प्रक्रिया लगातार चलने वाली व्यवस्था है, इसलिए पात्र मतदाताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया
जिला प्रशासन ने अभियान को सफल बनाने के लिए प्रचार रथ, सोशल मीडिया, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। प्रशासन का दावा है कि अंतिम समय तक प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का ऑनलाइन डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया गया।
एसआईआर-2026 प्रथम चरण के प्रमुख आंकड़े
- कुल मतदाता: 15,35,267
- गणना प्रपत्र वितरित: 15,35,109 (99.99%)
- डिजिटाइजेशन: 12,03,068 (78.36%)
- अप्राप्त गणना प्रपत्र: 3,22,197
- डबल एंट्री (डीएसई): 24,809
- अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत (एएसडी): 9,114
- प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन: 5 अगस्त
- 5 अगस्त के बाद प्रपत्र-6 के माध्यम से नाम जोड़ने का अवसर उपलब्ध रहेगा।
