Hindi News

राज्य सरकार ने बोकारो में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर डीपीआर मांगा


Bokaro: झारखंड विधानसभा शीतकालीन सत्र में तारांकित प्रश्न के माध्यम से बोकारो विधायक बिरंची नारायण के द्वारा 23 दिसंबर 2022 को बोकारो मेडिकल कॉलेज से सम्बंधित विषय पर सरकार का सकारात्मक जवाब प्राप्त हुआ। बोकारो में मेडिकल कॉलेज एवं 500 बेड का अस्पताल बनाने का काम प्रगति पर है।

राज्य सरकार ने भवन निर्माण निगम से इसके लिए डीपीआर मांगा है। अस्पताल निर्माण समन्वय समिति के अध्यक्ष सह बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने यह जानकारी दी। उन्होंने अनुरोध किया कि डीपीआर शीघ्र उपलब्ध कराया जाए ताकि बोकारो वासियों को इसका लाभ मिले।

कल झारखंड विधानसभा में बिरंची नारायण ने इस पर सवाल पूछा था। इसके लिखित जवाब में राज्य सरकार ने सकारात्मक जानकारी दी है।

उल्लेखनीय है कि बोकारो में मेडिकल कॉलेज व 500 बेड अस्पताल बनाने के लिए बिरंची नारायण लंबे समय से प्रयासरत हैं। उनके प्रयास से स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने इसके लिए 25 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई है। बीसीसीएल द्वारा भवन निर्माण कराया जाएगा। बिरंची नारायण ने इसे बोकारो के लिए तोहफा बताया है।

कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा इस संबंध में दिए गए उत्तर की भी जानकारी सरकार ने विधानसभा में प्रस्तुत की। इसमें बीसीसीएल की वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए परियोजना व्यय को आपसी सहमति से कंपनी के बजट सामर्थ्य के अनुकूल रखने का अनुरोध किया है। कोल इंडिया इस परियोजना के अनावर्ती व्यय यानी फिक्स्ड एक्सपेंडिचर हेतु सकारात्मक पहल करेगा।

अस्पताल निर्माण के बाद बीसीसीएल द्वारा समस्त अधिसंरचना राज्य सरकार को हस्तांतरित कर दी जाएगी। इसके बाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के संचालन एवं रखरखाव का आवर्ती व्यय राज्य सरकार को स्वयं वहन करना पड़ेगा।

झारखंड सरकार ने अपने उत्तर में बताया कि दिनांक 28.11.2022 को झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड को इस परियोजना हेतु डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर उपलब्ध) कराने का निर्देश दिया गया है। बिरंची नारायण ने उम्मीद जताई कि यह डीपीआर शीघ्र उपलब्ध हो जाएगा तथा सभी संबंधित अधिकारियों के सहयोग से अस्पताल निर्माण के काम में तेजी आएगी।

उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने दिनांक 08.02.2022 को बीसीसीएल और राज्य सरकार के बीच संबंध स्थापित करके इस परियोजना के समन्वय हेतु एक समिति बनाई गई थी। बोकारो विधायक बिरंची नारायण को इसका अध्यक्ष बनाया गया है। कल विधानसभा में प्राप्त उत्तर से यह सपना साकार होता दिख रहा है।


Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!