Bokaro: नीट पीजी (NEET PG) 2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल दंडाधिकारी, चास श्रीमती प्रांजल ढांडा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है।

बोकारो के दो केंद्रों पर होगी NEET PG 2026 परीक्षा
नीट पीजी 2026 की परीक्षा चास क्षेत्र के दो निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें क्रेसेंट लैब, ग्वालाडीह मोड़, पिंड्राजोरा, चास और आयन डिजिटल जोन, खमरबेंदी गांव, चास-चंदनकियारी रोड, चास शामिल हैं।
परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर दायरे में प्रतिबंध
प्रशासन के आदेश के अनुसार दोनों परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर की परिधि में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। इसके अलावा भीड़, जुलूस, सभा, धरना और प्रदर्शन आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।

अस्त्र-शस्त्र और लाठी-डंडा ले जाने पर भी रोक
निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, लाठी-डंडा आदि लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की बाधा या अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए यह कदम उठाया है।
अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर रहेगी पाबंदी
परीक्षा केंद्र से जुड़े अधिकृत व्यक्तियों को छोड़कर अन्य लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी। साथ ही परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की अनुचित सहायता पहुंचाने की गतिविधि भी प्रतिबंधित रहेगी।
30 अगस्त को सुबह 6 बजे से प्रभावी रहेगा आदेश
जिला प्रशासन के अनुसार निषेधाज्ञा रविवार, 30 अगस्त 2026 को सुबह 6 बजे से अपराह्न 3 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास प्रशासनिक निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा, ताकि NEET PG परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराई जा सके।


