Bokaro: ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ अभियान के तहत रविवार को चिन्मय विद्यालय, बोकारो के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन से जुड़कर नशा मुक्ति का संदेश ग्रहण किया। विद्यालय के सेमिनार हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 375 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

आध्यात्मिक माहौल के साथ हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक शांति पाठ एवं ‘गीता पंचामृत’ के सामूहिक सस्वर पाठ से हुआ। इससे पूरे सभागार में सकारात्मक एवं आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण हुआ। इसके बाद कक्षा 12 की छात्रा राशि के संचालन में विद्यार्थियों ने प्रेरक भाषण, स्लैम पोएट्री और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। उपस्थित विद्यार्थियों ने इन प्रस्तुतियों को गंभीरता से सुना और नशा मुक्ति के संदेश को आत्मसात किया।

प्रधानमंत्री बोले – युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव आज के युवा हैं। उन्होंने कहा कि नशा केवल किसी व्यक्ति का जीवन नहीं बिगाड़ता, बल्कि एक मां के सपनों और पूरे परिवार की उम्मीदों को भी तोड़ देता है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से ड्रग्स एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील करते हुए इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय स्तर पर चल रहा है नशा मुक्ति अभियान
प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ अभियान देशभर के आध्यात्मिक संगठनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक संगठनों और औद्योगिक संघों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष काशी से शुरू हुआ यह अभियान अब राष्ट्रीय जन-जागरूकता अभियान का रूप ले चुका है, जिसमें चिन्मय मिशन सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों की सक्रिय भागीदारी है।
नशा मुक्त भारत की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ निरंतर जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
विद्यालय प्रबंधन की रही सक्रिय उपस्थिति
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव महेश त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष आर. एन. मलिक, प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप-प्राचार्य नरमेंद्र कुमार तथा उप-प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन एनआईसी, बोकारो के प्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में किया गया।
पहले से चल रहे हैं नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि चिन्मय विद्यालय, बोकारो में पहले से ही नशा मुक्ति विषय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, वाद-विवाद प्रतियोगिता, शपथ ग्रहण समारोह और अन्य प्रेरक गतिविधियां शामिल हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री सुब्रता गुप्ता एवं विद्यालय स्टूडेंट काउंसिल के सहयोग से किया गया।

