Bokaro: शहर के चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की शाश्वत सिटी फेज-1 में घरों पर ताले तो मजबूत हैं, लेकिन चोरी की घटनाओं ने लोगों के भरोसे और सुकून को तोड़ दिया है। ये इलाका चास मुफ्फसिल थाने से महज 2.5 किलोमीटर दूर स्तिथ है।

चोरी के बाद टूटा भरोसा, बढ़ी असुरक्षा की भावना

कॉलोनी निवासी और रिटायर्ड स्टेशन मास्टर कामेश्वर सिंह (65) ने बोकारो के पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपनी पीड़ा जाहिर की है। उन्होंने बताया कि उनके घर में हुई चोरी की घटना को लेकर 16 जुलाई 2026 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक न तो किसी आरोपी की पहचान हो सकी है और न ही मामले में कोई ठोस कार्रवाई नजर आई है। उन्होंने कहा कि चोरी सिर्फ सामान की नहीं हुई, बल्कि लोगों के मन से सुरक्षा का भरोसा भी छीन लिया गया है। घर में रखी मेहनत की कमाई और वर्षों की जमा पूंजी से ज्यादा चिंता अब इस बात की है कि अगला निशाना कौन बनेगा।

एक के बाद एक वारदात, हर घर में डर का माहौल

कामेश्वर सिंह ने अपने आवेदन में बताया कि शाश्वत सिटी फेज-1 में 2023 से अब तक करीब 10-11 चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण कॉलोनी के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और नियमित पुलिस गश्ती के अभाव में चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं, जबकि आम लोग डर के साए में जीने को मजबूर हैं। कई परिवार रात में चैन की नींद नहीं सो पाते। बाहर गए परिजनों के लौटने तक चिंता बनी रहती है कि कहीं घर सुरक्षित होगा या नहीं।
पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग

कॉलोनीवासियों का कहना है कि अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए नियमित पुलिस पेट्रोलिंग जरूरी है। उनका मानना है कि यदि संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़े तो अपराधियों के मन में डर पैदा होगा और आम लोगों का विश्वास फिर मजबूत होगा। पिछली चोरी के घटनाओं में FIR तो दर्ज हुए, पर पुलिस अब तक चोरों को पकड़ नहीं पाई। जिससे चोरों के हौसले बुलंद है। कॉलोनी में करीब 40 डुप्लेक्स और 90 फ्लैट है। 6 गार्ड है। सीसीटीवी कई घरों में लगा हुआ है। फिर चोरी नहीं रुक रही। लोग काफी चिंतित है। अब तो कई लोग छोटी मोटी चोरी पर शिकायत नहीं दर्ज़ कराते है।
एसपी से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा मजबूत करने की अपील

कामेश्वर सिंह ने पुलिस अधीक्षक से चोरी मामले की शीघ्र और निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही शाश्वत सिटी फेज-1 में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पुलिस गश्ती शुरू कराने का आग्रह किया है। कॉलोनीवासियों की उम्मीद अब पुलिस प्रशासन से है कि जल्द कार्रवाई होगी, ताकि उनके घरों के दरवाजे सिर्फ ताले से नहीं, बल्कि सुरक्षा के भरोसे से भी सुरक्षित महसूस हों।
थाना प्रभारी बोले

चोरी की घटनाओं पर चास मुफ्फसिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल ने अलग तस्वीर पेश की है। उन्होंने कहा कि वह पिछले डेढ़ साल से थाने में पदस्थापित हैं और इस अवधि में शाश्वत सिटी में चोरी की केवल एक घटना दर्ज हुई है। उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले हुई इस चोरी के समय गृहस्वामी घर बंद कर बाहर गए हुए थे। उनके अनुसार, घर से निकलते समय न तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी और न ही शाश्वत सिटी प्रबंधन को इसकी जानकारी दी गई थी। वापस लौटने पर जब गृहस्वामी को चोरी का पता चला, तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


