Bokaro: जिले में मतदाता सूची से जुड़े नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी के लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने शुक्रवार को वीडियो संवाद के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इसमें जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) और अतिरिक्त एईआरओ शामिल हुए।
नोटिस और सुनवाई की प्रगति की समीक्षा
बैठक में उपायुक्त ने नो मैपिंग एवं लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी से संबंधित मामलों में जारी प्रथम और द्वितीय नोटिस के निष्पादन तथा सुनवाई की प्रगति की पदाधिकारीवार समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने और सुनवाई से संबंधित आदेश-पत्रों (ऑर्डर शीट) को शीघ्र अपलोड करने का निर्देश दिया।

धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों में बनेगी विशेष टीम
डीसी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में नोटिस के निष्पादन और सुनवाई की गति धीमी है, वहां विशेष टीम गठित कर काम में तेजी लाई जाए। दस्तावेजों के सत्यापन या प्रमाण पत्रों से जुड़ी तकनीकी एवं प्रक्रियागत समस्याओं को चिह्नित कर संबंधित ईआरओ और एईआरओ के हस्ताक्षर के साथ उनके समक्ष प्रस्तुत करने को कहा, ताकि आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा सके।

15 नवंबर तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित कार्यों को 15 नवंबर तक पूरा करना है।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, एपीआरओ अविनाश कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।
