Bokaro: दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो में सोमवार की सुबह भारतीय शास्त्रीय संगीत के सुरों से सराबोर रही। भारतीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्यरत स्पिक मैके के तत्वावधान में विद्यालय परिसर में शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। बनारस घराने की संगीत परंपरा को आगे बढ़ा रहे पं. रितेश मिश्रा और पं. रजनीश मिश्रा ने युगल गायन से विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
‘सा सुंदर, रे सुंदर’ से हुई शुरुआत
मिश्रा बंधुओं ने कार्यक्रम की शुरुआत संगीत की महिमा और सुरों की सुंदरता को समर्पित रचना ‘सा सुंदर, रे सुंदर, ग भी सुंदर है, हरेक स्वर कितना सुंदर, संगीत अमर है…’ से की। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी कलाकारों के साथ सुर मिलाकर मनमोहक संगीतमय वातावरण बनाया।

अहिर भैरव की बंदिशों ने बांधा समां
इसके बाद प्रातःकालीन राग अहिर भैरव पर आधारित बंदिशों ‘जोगिया आजा…’ और ‘अलबेला सजन आयो री…’ की प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। तबले पर कौशिक कुंवर की प्रभावशाली संगत ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया और पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।
भजन से जागी आध्यात्मिक चेतना
कार्यक्रम के अंतिम चरण में ‘साधो ऐसा ही गुरु भावे…’ भजन की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिरस से भर दिया। हारमोनियम पर सुमित मिश्रा ने संगत की। कलाकारों ने विद्यार्थियों से संवाद कर शास्त्रीय संगीत की बारीकियों और साधना से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए।
प्राचार्य ने किया कलाकारों का अभिनंदन
कार्यक्रम से पहले प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने अतिथि कलाकारों का स्वागत किया और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने स्पिक मैके की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, शास्त्रीय संगीत और अपनी समृद्ध विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि संगीत विद्यार्थियों में एकाग्रता और संवेदनशीलता विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
