Bokaro: चंदनकियारी स्थित छऊ केंद्र में छऊ नृत्य एवं छऊ मुखौटा निर्माण से जुड़े प्रशिक्षण केंद्रों के प्रशिक्षुओं के आकलन एवं समीक्षा के लिए आयोजित दो दिवसीय बैठक शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में जिले के कुल 14 प्रशिक्षण केंद्रों से जुड़े गुरुजन एवं प्रशिक्षुओं ने सहभागिता की।

अंतिम दिन सात गुरुजन दल के साथ हुए शामिल
समीक्षा बैठक के दूसरे एवं अंतिम दिन सात गुरुजन अपने-अपने दल के प्रशिक्षुओं के साथ छऊ केंद्र, चंदनकियारी पहुंचे। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने छऊ नृत्य और मुखौटा निर्माण से संबंधित अपनी कला-कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करने के साथ उन्हें छऊ की समृद्ध कला परंपरा के प्रति और अधिक प्रोत्साहित करना रहा।
विशेषज्ञों ने कला-कौशल का किया मूल्यांकन
इस अवसर पर संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित छऊ एक्सपोनेंट सदाशिव प्रधान, नृपेन सहिस एवं परीक्षित महतो, संगीत नाटक अकादमी के पदाधिकारी दीपक जोशी, छऊ एडवाइजरी कमेटी के सदस्य सह केंद्र समन्वयक डॉ. संजय कुमार चौधरी, सदस्य तपन पटनायक एवं हराधन महतो मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने प्रशिक्षुओं की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनके कला-कौशल का मूल्यांकन एवं सराहना की।

डॉ. संजय कुमार चौधरी के निर्देशन में आयोजन
डॉ. संजय कुमार चौधरी के निर्देशन में समीक्षा बैठक का दूसरा दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में केंद्र के दिलीप कुमार जेना, विजय कुमार, आशुतोष कुमार, राखो बाउरी सहित अन्य कला-प्रेमियों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
