Bokaro: बोकारो जिले के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुलने जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने होमगार्ड के 199 रिक्त पदों पर नियुक्ति की तैयारी पूरी कर ली है। इसके लिए 12 नवंबर 2026 को आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा। उपायुक्त अजय नाथ झा ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
छात्रों से किए गए वादे के अनुरूप आगे बढ़ी प्रक्रिया
उपायुक्त ने बताया कि छात्रों के साथ संवाद के दौरान होमगार्ड नियुक्ति को लेकर समय-सीमा निर्धारित की गई थी। उस समय आश्वासन दिया गया था कि दीपावली तक या अधिकतम छठ पर्व से पहले विज्ञापन जारी करने से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। इसी वादे के अनुरूप अब 12 नवंबर को विज्ञापन प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया है।

चौकीदार के पदों पर फिलहाल नहीं होगी बहाली
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में चौकीदार के रिक्त पदों की संख्या पांच से कम है। ऐसे में फिलहाल चौकीदार पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की स्थिति नहीं है।

पारदर्शी तरीके से पूरी होगी नियुक्ति प्रक्रिया
जिला प्रशासन योग्य अभ्यर्थियों को अवसर देने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। होमगार्ड के 199 पदों पर बहाली से जिले के युवाओं को रोजगार का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
