Bokaro: सदर अस्पताल बोकारो में आधुनिक चिकित्सा तकनीक की मदद से 70 वर्षीय मरीज के हाथ की हड्डी का सफल ऑपरेशन किया गया। मरीज गयाराम महतो के हाथ की उलना (Ulna) हड्डी टूट गई थी। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित ने सफलतापूर्वक सर्जरी कर मरीज को राहत दी।
विशेष एनेस्थीसिया तकनीक का हुआ इस्तेमाल
ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. सौरभ सांख्यायन ने आधुनिक तकनीक की सहायता से मरीज के हाथ की नसों को सुन्न करने के लिए विशेष एनेस्थीसिया दिया। नसों की सटीक पहचान के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। इससे ऑपरेशन सुरक्षित तरीके से और बिना दर्द के संपन्न हुआ।

सिविल सर्जन के निर्देश पर मिली चिकित्सा सुविधा
यह ऑपरेशन सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद के निर्देशानुसार और अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एनपी सिंह के सहयोग से किया गया।

गंभीर इलाज के लिए अस्पताल से संपर्क की अपील
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सदर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक सुविधाओं की मदद से लगातार जटिल एवं जरूरी ऑपरेशन किए जा रहे हैं। आम लोगों से अपील की गई है कि गंभीर बीमारी या ऑपरेशन की जरूरत पड़ने पर निजी अस्पतालों की ओर जाने से पहले सदर अस्पताल बोकारो से संपर्क करें।
