Bokaro: सीसीएल की करगली वाशरी में मोटर और लोहे के स्क्रैप की चोरी की कोशिश को CISF ने नाकाम कर दिया। जवानों ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
कमांडेंट के निर्देश पर हुई संयुक्त कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, CISF CCL करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को वाशरी क्षेत्र में चोरी की योजना बनाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद उनके निर्देश पर CISF की क्राइम शाखा, QRT और स्ट्राइकिंग रिजर्व की संयुक्त टीम ने संदिग्ध इलाके में एंबुश लगाया।

दीवार में सेंधमारी करते पकड़ा गया आरोपी
11 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे करगली वाशरी स्टोर के पीछे की दीवार से तोड़फोड़ की आवाज सुनाई दी। जवानों ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान चार लोग दीवार में सेंधमारी कर अंदर घुसने की कोशिश करते मिले। CISF की कार्रवाई देखकर तीन आरोपी फरार हो गए, जबकि लोहे का शॉवल लेकर भाग रहा एक व्यक्ति गिर पड़ा और पकड़ लिया गया।

तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान करण तिवारी, निवासी कल्याणी, बेरमो के रूप में हुई है। उसने अपने साथियों के नाम दिलीप मिश्रा, ऋषि मिश्रा (दोनों पिछरी निवासी) और धनंजय मंडल (करगली निवासी) बताए। मौके से लोहे का शॉवल और स्क्रैप सामग्री बरामद की गई।
बेरमो पुलिस को सौंपा गया आरोपी
घटना की सूचना पर बेरमो थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। CISF ने गिरफ्तार आरोपी और जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।
