Bokaro: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, संघर्ष और समर्पण को लेकर आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों के लिए भाजपा बोकारो जिला की ओर से नया मोड़ स्थित बिरसा आश्रम में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दीप प्रज्वलित कर एवं महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सुरेंद्र राज ने किया स्वागत
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री संजय सिन्हा ने किया। जिलाध्यक्ष ने आदित्य साहू का भगवा वस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने मंचासीन पदाधिकारियों का भी अभिनंदन किया।

राष्ट्रसेवा को बताया मोदी की पहचान
आदित्य साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, संघर्ष और समर्पण की प्रेरणादायक यात्रा है। उन्होंने कहा कि मोदी के लिए सत्ता लक्ष्य नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम रही है। गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रही है।

आत्मनिर्भर भारत का किया उल्लेख
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, गरीब कल्याण और महिला सशक्तीकरण सहित कई क्षेत्रों में देश ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। मोदी की सबसे बड़ी विशेषता उनका निरंतर समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता है।
ढुलू महतो ने दिलाया सेवा का संकल्प
धनबाद सांसद ढुलू महतो ने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का भाव पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “व्यक्ति से बड़ा संगठन, संगठन से बड़ा समाज और समाज से बड़ा राष्ट्र।”
31 मंडलों के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला नेताओं, मोर्चा पदाधिकारियों तथा सभी 31 मंडलों के प्रभारी, प्रवासी और मंडल अध्यक्षों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
