Bokaro: स्व. डॉ. यू. मोहंती की स्मृति में मंगलवार को इंडियन रेडक्रॉस सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मोहंती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा खालीपन
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि स्व. डॉ. यू. मोहंती बोकारो की बड़ी शख्सियत और स्वास्थ्य क्षेत्र की महत्वपूर्ण विभूति थे। उनके निधन से स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा खालीपन पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुदृढ़ बनाना ही डॉ. मोहंती के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
बोकारो की स्वास्थ्य व्यवस्था पर किया था मार्गदर्शन
उपायुक्त ने कहा कि बोकारो आने के बाद यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था और उसकी चुनौतियों के संबंध में उन्हें डॉ. मोहंती से महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। अपने लंबे अनुभव के आधार पर उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र की आवश्यकताओं और समस्याओं से अवगत कराया था।
अंतिम मुलाकात को किया याद
उपायुक्त ने डॉ. मोहंती के साथ अपनी अंतिम मुलाकात को याद करते हुए बताया कि 29 या 30 अगस्त की देर शाम जगन्नाथ मंदिर में उनसे मुलाकात हुई थी। इस दौरान बोकारो और मंदिर से जुड़े कई विषयों पर चर्चा हुई थी। इसके बाद उनके निधन की खबर बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाली रही।
रक्तदान कर दी श्रद्धांजलि
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। उपायुक्त और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया। उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंदों का जीवन बचाने वाला महत्वपूर्ण मानवीय कार्य है और यह शिविर डॉ. मोहंती के सेवा भाव को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है।

