Bokaro: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। शुक्रवार शाम उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बोकारो स्टील सिटी के विभिन्न पूजा पंडालों एवं मेला परिसरों का निरीक्षण किया। इस दौरान अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, पंडालों की संरचनात्मक सुरक्षा और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया गया।


सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूजा समितियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनात रहेंगे पुलिस बल
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया कि पूजा और मेला परिसर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा।

श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील
एसपी ने श्रद्धालुओं से निर्धारित कतारों में दर्शन करने और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की। अभिभावकों से छोटे बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा उनके पास नाम, मोबाइल नंबर और संपर्क विवरण वाली पर्ची रखने का आग्रह किया गया।
जिला प्रशासन ने पूजा समितियों और आमजनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से दुर्गा पूजा को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाया जा सकता है।
