Bokaro: बोकारो के कैंप-2 स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में शुक्रवार को दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के तहत एक दिवसीय रोजगार एवं स्वरोजगार मेले का आयोजन किया गया। उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में आयोजित मेले में 14 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। इसमें कुल 1,890 युवक-युवतियों ने निबंधन कराया।


1,328 अभ्यर्थियों को मिले ऑफर लेटर
मेले में विभिन्न कंपनियों की ओर से आयोजित साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद 1,328 सफल अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र (ऑफर लेटर) सौंपे गए। तकनीकी, विनिर्माण, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग और मानव संसाधन सहित विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
छह प्रखंडों के युवाओं ने लिया हिस्सा
रोजगार मेले में चंदनकियारी, चास, चंद्रपुरा, जरीडीह, बेरमो और नावाडीह प्रखंड के युवाओं ने भाग लिया। रोजगार के साथ युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं, सरकारी ऋण सुविधाओं और कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि 1,890 आवेदकों में से 1,328 युवाओं को ऑफर लेटर मिलना बड़ी उपलब्धि है। जिला प्रशासन युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए ऐसे अवसर उपलब्ध कराता रहेगा।
अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जेएसएलपीएस के डीपीएम अनिल डुंगडुंग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
