Bokaro: कोयले की अवैध चोरी और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सीआईएसएफ ने ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। 15 अक्टूबर 2026 को सुबह 4 बजे से 8 बजे तक सीसीएल के बीएंडके एरिया स्थित कोणार्क साइडिंग में छापेमारी कर 5.35 टन अवैध कोयला और चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।


गुप्त सूचना पर संयुक्त टीम ने की छापेमारी
प्राप्त सूचना के आधार पर एरिया कमांडर राज प्रताप सिंह के नेतृत्व में सीआईएसएफ की रेड टीम, आसूचनाकर्मियों और सीसीएल प्रबंधन की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। बरामदगी के मामले में एमएमडीआर अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ड्रोन और श्वान दस्ते से संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर
सीआईएसएफ अवैध कोयला उत्खनन, भंडारण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए नियमित गश्त के साथ ड्रोन और श्वान दस्ते की मदद से निगरानी कर रही है। बल के अनुसार, सूचना आधारित कार्रवाई और तकनीकी निगरानी के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण का प्रयास किया जा रहा है।

राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
सीआईएसएफ ने आम नागरिकों से कोयला चोरी और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना सुरक्षा एजेंसियों एवं प्रशासन को देने की अपील की है। अभियान में उप कमांडेंट गारा अभिलाष, वर्पे सार्थक बाबाजी, धनंजय कुमार पाण्डेय सहित सीआईएसएफ और सीसीएल सुरक्षा विभाग के कर्मी शामिल रहे।
