Bokaro: शारदीय नवरात्रि के अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो में दुर्गापूजा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भक्ति, कला और भारतीय परंपराओं की मनमोहक छटा बिखेरी।


नृत्य और भजन से बच्चों ने मोहा मन
प्राइमरी विंग की विशेष प्रार्थना सभा में कक्षा दो के विद्यार्थियों ने मां दुर्गा की स्तुति प्रस्तुत की। कक्षा तीन के बच्चों ने नृत्य के माध्यम से महिषासुर-मर्दन और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। नन्हे विद्यार्थियों ने देवी के विभिन्न स्वरूपों की वेशभूषा धारण की। गरबा और डांडिया नृत्य में शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया। नर्सरी के बच्चों की दुर्गा आरती और शिवांश कुमार लाल के हारमोनियम पर भजन ने सभी को प्रभावित किया। विद्यार्थियों ने दुर्गापूजा पर आधारित आकर्षक कलाकृतियां भी बनाईं।
नारी शक्ति और दुर्गास्तुति की प्रभावशाली प्रस्तुति
सीनियर विंग में आर्या झा ने विजयादशमी पर प्रेरणादायी आख्यान प्रस्तुत किया, जबकि अनुष्का शर्मा ने कविता के माध्यम से नारी शक्ति का महत्व बताया। विद्यार्थियों की दुर्गास्तुति और मां दुर्गा के नवरूपों पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर रावी सदन की गृह-पत्रिका ‘डीपीएस बोकारो क्रॉनिकल्स’ के अक्टूबर संस्करण का विमोचन भी किया गया।

भारतीय संस्कृति से जुड़ाव पर दिया जोर
प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। उन्होंने दुर्गापूजा को बुराई पर अच्छाई, भय पर साहस और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक बताया।
