बोकारो: बोकारो के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं बीएसएल के सेवानिवृत्त नगर प्रशासक भवानी शंकर जायसवाल का शुक्रवार को 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने ब्रह्म मुहूर्त में को-ऑपरेटिव कॉलोनी स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वे बीते कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से बोकारो और कसमार क्षेत्र में शोक की लहर है।
शिक्षा और समाजसेवा में रहा महत्वपूर्ण योगदान
भवानी शंकर जायसवाल बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) में नगर प्रशासक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। वे डीएवी स्कूल के वाइस चेयरमैन तथा आशालता विकलांग विकास केंद्र के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। वे इस केंद्र को विद्यालय के रूप में विकसित करने के प्रयासों में भी जुटे थे।

रोटरी बोकारो के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली
वे भारत विकास परिषद की दक्षिण शाखा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। इसके अलावा, करीब 30 वर्षों तक रोटरी बोकारो से जुड़े रहे और वर्ष 2011-12 में क्लब के अध्यक्ष का दायित्व संभाला। बोकारो और आसपास के क्षेत्रों में कई सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं की स्थापना और विकास में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा।

भारत विकास परिषद ने जताया शोक
भारत विकास परिषद, बोकारो स्टील सिटी दक्षिण शाखा ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। परिषद ने कहा कि शिक्षा, समाजसेवा और मानव कल्याण के प्रति उनका समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। उनके निधन को सामाजिक एवं शैक्षणिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
