बोकारो: चंद्रपुरा में डीवीसी (DVC) और एसटीएमएम अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को टीबी जागरूकता एवं मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। एसटीएमएम अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में डीवीसी चेयरमैन राजेश पांडेय और बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान टीबी मरीजों के बीच पोषण आहार किट वितरित की गई।
20 हजार करोड़ के निवेश से खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
डीवीसी चेयरमैन राजेश पांडेय ने कहा कि चंद्रपुरा में 800-800 मेगावाट की दो नई विद्युत इकाइयां स्थापित करने की योजना है। इस परियोजना में करीब 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि डीवीसी औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है।

दो हजार टीबी मरीजों के उपचार पर प्रशासन का जोर
उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि जिले में करीब दो हजार टीबी मरीज चिह्नित हैं। उन्होंने कहा कि नियमित दवा, पौष्टिक आहार और चिकित्सकीय निगरानी से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है। मरीज उपचार बीच में न छोड़ें और चिकित्सकों की सलाह का पालन करें।

आईटीआई को विश्वस्तरीय संस्थान बनाने की पहल
उपायुक्त ने चंद्रपुरा आईटीआई केंद्र को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने पर जोर दिया, ताकि युवाओं को बेहतर कौशल प्रशिक्षण और रोजगार मिल सके। साथ ही राष्ट्रीय स्तर का नाट्य महोत्सव आयोजित करने तथा ऑडिटोरियम और रिक्रिएशन सेंटर विकसित करने का प्रस्ताव रखा। डीवीसी चेयरमैन ने इस पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
अत्याधुनिक टीबी केंद्र का हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त टीबी केंद्र का उद्घाटन किया। डीवीसी परियोजना प्रधान आरके अनुभावी ने बताया कि निगम सीएसआर के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीवीसी के अधिकारी, चिकित्सक और स्थानीय लोग मौजूद थे।
