Bokaro: झारखंड स्थापना दिवस-2026 को जनभागीदारी, सांस्कृतिक गौरव और विकास के उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी तेज हो गई है। जिले में 15 से 28 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और सभी कार्यक्रमों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
रांची की प्रदर्शनी में दिखेगी बोकारो की पहचान
रांची के खेलगांव में 26 से 28 नवंबर तक आयोजित राज्यस्तरीय प्रदर्शनी में बोकारो की विशेष पहचान प्रदर्शित की जाएगी। इसके लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के तहत पारंपरिक वुड क्राफ्ट, वन डिस्ट्रिक्ट वन डेस्टिनेशन के तहत लुगुबुरू घंटाबाड़ी सहित प्रमुख पर्यटन स्थल और वन डिस्ट्रिक्ट वन इकोनॉमिक एक्टिविटी के तहत भेंडरा का धातु शिल्प व चंदनकियारी का टेराकोटा प्रदर्शित किया जाएगा।

लुगुबुरू महोत्सव में होंगे पारंपरिक खेल
लुगुबुरू महोत्सव के दौरान सखी सम्मेलन, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। फुटबॉल के अलावा गोली-डंडा जैसे पारंपरिक ग्रामीण खेलों को भी शामिल करने की योजना है।

सभी प्रखंडों में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में स्वच्छता अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल गतिविधियां आयोजित करने का निर्देश दिया। सीसीएल, बीसीसीएल, बीएसएल सहित औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संगठनों को भी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।
#BokaroSeJohar अभियान से जुड़ेंगे देशभर के लोग
15 नवंबर को सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक #BokaroSeJohar हैशटैग के साथ विशेष सोशल मीडिया अभियान चलेगा। देश के किसी भी हिस्से में रहने वाले बोकारोवासी स्वच्छता और अन्य सकारात्मक गतिविधियों की तस्वीरें साझा कर सकेंगे। अभियान में भाग लेने वाले सरकारी कर्मियों, संगठनों और नागरिकों को जिला प्रशासन डिजिटल सहभागिता प्रमाण पत्र देगा।
