Bokaro: आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए चास पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 13 नवंबर 2026 को सहायक पुलिस अधीक्षक, चास ने चास अनुमंडल के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रमुख छठ घाटों पर पुलिस तैयारियों का आकलन
निरीक्षण के दौरान तेलमोचो घाट, सोलगीडीह तालाब, इजरी नदी घाट और गरगा नदी घाट सहित अन्य प्रमुख छठ घाटों का भ्रमण किया गया। इस दौरान घाटों पर सुरक्षा इंतजामों और पुलिस की तैयारियों का आकलन किया गया। मौके पर चास, चिराचास, चास मुफस्सिल एवं पिंड्राजोरा थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

बैरिकेडिंग, महिला पुलिस बल और गोताखोरों की तैनाती के निर्देश
सहायक पुलिस अधीक्षक ने पुलिस-प्रशासन एवं छठ पूजा समितियों को आपसी समन्वय के साथ पर्व की तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने घाटों पर सुरक्षित जल स्तर तक बैरिकेडिंग कराने, पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने और रोशनी की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया।

यातायात व्यवस्था पर भी रहेगी विशेष नजर
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए घाटों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए समय रहते गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
