Bokaro: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए बोकारो जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। उपायुक्त सह जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय नाथ झा ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनजर सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने और आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है।


पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को तैयारी का निर्देश
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा बल और वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को जीवनरक्षक दवाओं, एम्बुलेंस, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
जलजमाव रोकने और सफाई पर जोर
चास नगर निगम, फुसरो नगर परिषद और बोकारो इस्पात संयंत्र के संबंधित अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने, नालियों की सफाई कराने और जरूरत के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रखंड और अंचल अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति पर नजर रखने, प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। जरूरत पड़ने पर नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बिजली, पेयजल और जरूरी सामान की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश
विद्युत विभाग को उपकरणों की मरम्मत और निर्बाध बिजली आपूर्ति, जबकि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है। जिला आपूर्ति विभाग को खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
समय पर कार्रवाई करने का निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा है।
