Bokaro: जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने बुधवार को समीक्षा बैठक की। कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में अधिकारियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


अशांति की आशंका पर तत्काल करें कार्रवाई
डीसी और एसपी ने चास एवं बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ) को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कहीं भी अशांति या विधि-व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न होने की आशंका हो, तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जरूरत पड़ने पर लागू करें धारा 163
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करें। आवश्यकता पड़ने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत नियमानुसार निषेधाज्ञा लागू करने की कार्रवाई की जाए, ताकि स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

एसडीओ और एसडीपीओ की होगी पूरी जिम्मेदारी
डीसी एवं एसपी ने स्पष्ट किया कि चास और बेरमो अनुमंडल क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था संधारण की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित एसडीओ और एसडीपीओ की होगी। सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।
