Bokaro:कोयला चोरी और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सीआईएसएफ की सीसीएल करगली इकाई ने बीएंडके और ढोरी क्षेत्र में देर रात व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया। कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर संचालित इस अभियान में 150 से अधिक जवानों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य कोयला परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना है।


पांच प्रमुख स्थानों पर वाहनों की सघन जांच
अभियान के तहत सीआईएसएफ की रेड टीम, स्ट्राइकिंग रिजर्व पार्टी, क्यूआरटी और आसूचनाकर्मियों ने दीनदयाल चौक, मकोली, हिंदुस्तान पुल, कारो चेक पोस्ट के मोड़ और डीडी माइंस के समीप जांच की। अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट वर्पे सार्थक बाबाजी ने किया।
परिवहन दस्तावेजों की हुई जांच
जांच के दौरान कोयला परिवहन करने वाले वाहनों को रोककर उनके आवश्यक कागजात और परिवहन संबंधी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही, सड़क किनारे रात में मौजूद लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।

अवैध खनन और कोयला चोरी पर CISF की नजर
सीआईएसएफ का लक्ष्य खदानों, साइडिंग और कोयला परिवहन मार्गों की सुरक्षा मजबूत करना है। एमएमडीआर अधिनियम के प्रावधानों के तहत अवैध खनन से जुड़े मामलों में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा सकती है।
अभियान में इंस्पेक्टर रवि रंजन, इंस्पेक्टर आरके सरोज, सब-इंस्पेक्टर संतोष तिवारी, अमित कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे। सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया कि कोयला क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत रखने के लिए निगरानी और सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
