Bokaro: बालीडीह थाना पुलिस ने लूट एवं चोरी के कई मामलों में फरार चल रहे कुख्यात आरोपी संजय भुईयां उर्फ बुलेट भुईयां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार वह बालीडीह थाना कांड संख्या-334/2025 में वांछित था, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(a) एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज है।

सेक्टर-12 का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय भुईयां उर्फ बुलेट भुईयां (32 वर्ष), पिता स्वर्गीय किशोर भुईयां उर्फ केशो भुईयां, निवासी एलएच मोड़, काली मंदिर के समीप, थाना सेक्टर-12, जिला बोकारो के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

आपराधिक मामलों की लंबी फेहरिस्त
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय भुईयां का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ बोकारो के सेक्टर-12, बीएस सिटी, बालीडीह, चंद्रपुरा और चीरा चास थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं के तहत 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी, चोरी के सामान की बरामदगी, आपराधिक षड्यंत्र तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। वर्ष 2014 से लेकर 2025 तक उसके खिलाफ लगातार विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज होती रही है।
बालीडीह थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित छापामारी दल का नेतृत्व बालीडीह थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक जितेन्द्र कुमार ने किया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
डीएसपी हेडक्वार्टर पवन कुमार का कहना है कि अपराध पर नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस अन्य लंबित मामलों में भी आरोपी से पूछताछ कर रही है।

