Bokaro: बोकारो में चेन स्नैचिंग और चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। अपराध पर नियंत्रण और अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस अलर्ट मोड में है। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय करने के साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है।


खराब सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करने की पहल
मुख्यालय डीएसपी ने बताया कि हाल के दिनों में कुछ आपराधिक घटनाएं हुई हैं, जबकि कई मामलों का उद्भेदन भी किया गया है। उन्होंने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्गापूजा के दौरान भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था की जा रही है।
चेक प्वाइंट पर पुलिस तैनात, सघन जांच शुरू
पुलिस ने शहर के प्रमुख चेक प्वाइंट पर जवानों की तैनाती की है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ वाहनों की सघन जांच भी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चास चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की गई है।

पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ चोरी, चेन स्नैचिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
