Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के विस्थापितों के हक, अधिकार और न्याय की मांग को लेकर टू टैंक गार्डन में जारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को कांग्रेस का समर्थन मिल रहा है। बोकारो विधायक श्वेता सिंह के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन को मजबूती देने के लिए झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू और कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने पहल की है।


के. राजू ने संगठन को सक्रिय भागीदारी का दिया निर्देश
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखकर पार्टी के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन के अन्य पदाधिकारियों को आंदोलन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश देने को कहा है। उन्होंने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को धरनास्थल पर पहुंचकर विस्थापितों और विधायक श्वेता सिंह के प्रति समर्थन व्यक्त करने तथा सांसदों को केंद्रीय इस्पात मंत्री के समक्ष विस्थापितों की मांगें उठाने की पहल करने का निर्देश दिया है।
प्रदीप यादव ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
वहीं, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर विस्थापितों की मांगों पर गंभीरता से संज्ञान लेने का आग्रह किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश देने की मांग की, ताकि विस्थापितों की समस्याओं का समाधान हो सके।

रोजगार और अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन जारी
विधायक श्वेता सिंह विस्थापित परिवारों के रोजगार, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रही हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि उनकी मांगें केवल रोजगार तक सीमित नहीं, बल्कि भूमिदाताओं के सम्मान और न्याय से भी जुड़ी हैं। विस्थापितों ने मांगों पर सकारात्मक पहल और ठोस कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प जताया है।
