Bokaro: दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग का उद्देश्य लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त, झारखंड सरकार के निर्देश पर यह अभियान संचालित किया जाएगा।

नकली पनीर और मिठाइयों की होगी जांच
अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, बोकारो ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी बोकारो-01, 02 एवं 03 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इस दौरान विशेष रूप से सिंथेटिक या नकली पनीर, मिलावटी मिठाई समेत अन्य संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर नमूने लेकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए भेजे जाएंगे।
खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता का निर्देश
खाद्य कारोबारियों को निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अखाद्य रंगों के इस्तेमाल से बचने तथा बाहर से आने वाले सिंथेटिक व नकली खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

मिलावट मिलने पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन या मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम लोगों से भी संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना देने की अपील की है।
