Bokaro : दुर्गा पूजा को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए चास नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नगर निगम कार्यालय में पूजा समितियों और मंदिर समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पूजा स्थलों पर सफाई, रोशनी, पेयजल और कचरा प्रबंधन समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता महापौर भोलू पासवान ने की। इसमें उप महापौर पूजा कुमारी, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, संबंधित वार्डों के पार्षद और विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
32 पूजा स्थलों पर विशेष व्यवस्था
नगर निगम क्षेत्र के 32 पूजा स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। पूजा समितियों से उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानी गईं तथा समय रहते उनके समाधान का आश्वासन दिया गया।

पंडालों के आसपास चलेगा विशेष सफाई अभियान
नगर निगम पूजा पंडालों और मंदिर परिसरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगा। नियमित सफाई के साथ जरूरत के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जाएगा। डंपिंग या कचरे की अधिकता वाले स्थानों पर जेसीबी और बड़ी जेसीबी मशीन लगाकर सफाई कराई जाएगी।
खराब स्ट्रीट लाइटें होंगी दुरुस्त
पूजा स्थलों और आसपास की खराब एलईडी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाएगी। आवश्यकता वाले स्थानों पर नई एलईडी लाइटें भी लगाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो।
डस्टबिन और पानी टैंकर भी मिलेंगे
नगर निगम संबंधित पूजा समितियों और मंदिर परिसरों में डस्टबिन उपलब्ध कराएगा। महाभोग और प्रसाद वितरण के दौरान भीड़ को देखते हुए जरूरत वाले पूजा स्थलों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
बेहतर व्यवस्था करने वाली समितियां होंगी पुरस्कृत
महापौर भोलू पासवान ने कहा कि स्वच्छता, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित पंडाल, सजावट, मूर्ति व्यवस्था और सुरक्षा जैसे मानकों पर बेहतर काम करने वाली पूजा समितियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। पूजा समाप्त होने के बाद निर्धारित मानकों के आधार पर बेहतर व्यवस्था करने वाले पंडालों और समितियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
निगम ने मांगा समितियों से सहयोग
उप महापौर पूजा कुमारी और अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार ने पूजा समितियों से नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर काम करने की अपील की। प्रशासन ने समितियों, श्रद्धालुओं और आम लोगों से भी पूजा के दौरान कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने और चास को स्वच्छ व सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
