Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के सतर्कता विभाग की ओर से आगामी ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ और तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सेक्टर-9ई और सेक्टर-2सी स्थित डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूलों में भाषण, चित्रांकन और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं हुईं। इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है।

विद्यार्थियों ने भाषण और पेंटिंग में दिखाई प्रतिभा
डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल सेक्टर-9ई में हिंदी-अंग्रेजी भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिता हुई। अंग्रेजी भाषण में सुभी चौधरी प्रथम, मानसी कुमारी द्वितीय और अनुराग कश्यप तृतीय रहे। हिंदी भाषण में परी कुमारी प्रथम, शिप्रा द्वितीय और शबनम कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। दोनों वर्गों में एक-एक प्रतिभागी को सांत्वना पुरस्कार मिला।
पोस्टर के जरिए दिया सत्यनिष्ठा का संदेश
सेक्टर-2सी के डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल में पोस्टर मेकिंग और हिंदी भाषण प्रतियोगिता हुई। हिंदी भाषण में पलक गुप्ता ने प्रथम, जानवी कुमारी ने द्वितीय और नंदनी कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि सपना राय को सांत्वना पुरस्कार मिला।

समापन समारोह में होंगे पुरस्कृत
विजेता विद्यार्थियों को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
