Bokaro: डीपीएस बोकारो की छात्राओं ने गया में आयोजित जोन-4 इंटर डीपीएस बास्केटबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए बालिका वर्ग का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।

फाइनल में डीपीएस गया को 39-24 से हराया
डीपीएस गया में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मणिपुर, पश्चिम बंगाल और असम की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में डीपीएस बोकारो ने मेजबान डीपीएस गया को 39-24 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
राष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए किया क्वालिफाई
इस स्वर्णिम जीत के साथ डीपीएस बोकारो की टीम आगामी 13-14 दिसंबर को डीपीएस मेगासिटी, कोलकाता में होने वाली राष्ट्रीय इंटर डीपीएस बास्केटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। प्रतियोगिता में डीपीएस गया उपविजेता और डीपीएस रांची तीसरे स्थान पर रहा।

प्राचार्य ने टीम को दी बधाई
चैंपियन टीम में त्रिनयोना, किया कोरल सिंह, अन्वेषा शर्मा, तान्या सिंह, सौम्या प्रकाश, सौम्या जैन, आनिका आनंद, परिना पांडा, सानवी शेखर और शगुन शामिल रहीं। बोकारो लौटने पर खिलाड़ियों का विद्यालय में स्वागत किया गया। प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार ने टीम और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
