Bokaro: धनबाद मुख्य मार्ग पर चीराचास थाना क्षेत्र के डेमूडीह में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर करीब 8 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोर घर से सोना-चांदी के जेवरात, करीब 50 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

परिवार के अस्पताल जाने का उठाया फायदा
जानकारी के अनुसार, डेमूडीह निवासी विधवा देवंती देवी पारिवारिक काम से गया गई हुई थीं। सोमवार रात उनकी बहू की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य घर में ताला लगाकर उसे अस्पताल ले गए। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोर देर रात पहुंचे और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए।
अलमारी तोड़कर ले गए जेवरात और नकदी
घर में घुसने के बाद चोरों ने कमरों की तलाशी ली। इसके बाद अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोना-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर फरार हो गए।

सुबह घर लौटने पर खुला चोरी का राज
सुबह देवंती देवी गया से वापस घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों और पुलिस को चोरी की जानकारी दी। देवंती देवी ने बताया कि चोरी हुए जेवरात उनकी जीवनभर की जमा-पूंजी थे। इनमें कुछ पुश्तैनी आभूषण भी शामिल थे। उन्होंने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि चोरों ने पहले घर की गतिविधियों पर नजर रखी होगी और परिवार के घर से बाहर जाने की जानकारी मिलने के बाद वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
