Bokaro: सीसीएल करगली परियोजना में कोयला चोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 56 मोटरसाइकिल, 19 साइकिल और इन पर लदा करीब 32.375 टन अवैध कोयला जब्त किया गया।

तीन संवेदनशील स्थानों पर लगाया गया एम्बुश
सीआईएसएफ क्राइम ब्रांच से मिली खुफिया सूचना के आधार पर कोणार साइडिंग, जरंडीह साइडिंग और जरंडीह फाटक के आसपास विशेष अभियान चलाया गया। कमांडेंट राज प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने तीनों स्थानों पर रणनीतिक रूप से एम्बुश लगाया। अभियान में ड्रोन सर्विलांस और डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई।
जवानों को देखते ही वाहन छोड़कर भागे संदिग्ध
कार्रवाई के दौरान संदिग्ध बाइक और साइकिल सवार कोयला ले जाते मिले। सीआईएसएफ जवानों को देखते ही वे अपने वाहन छोड़कर नजदीकी गांव की ओर भाग गए। कोणार साइडिंग से 32 बाइक, 10 साइकिल और 20.840 टन कोयला जब्त हुआ।

जरंडीह में भी बड़ी मात्रा में कोयला जब्त
जरंडीह फाटक से 14 बाइक, 7 साइकिल और 8.265 टन तथा जरंडीह साइडिंग से 10 बाइक, 2 साइकिल और 3.270 टन कोयला बरामद किया गया। इस तरह कुल 75 वाहन और 32.375 टन कोयला जब्त हुआ।
MMDR एक्ट के तहत कार्रवाई जारी
वाहन मालिकों की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। जब्त वाहनों और कोयले को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए लिया गया है। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 यानी MMDR Act के तहत कार्रवाई की जा रही है। सीआईएसएफ ने कहा कि अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
