Bokaro: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) की समीक्षा की। जिले में सर्वे कार्य की अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल तेजी लाने और व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।

हर किसान और खेत का सर्वे समय पर करने का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। प्रत्येक किसान और खेत का सर्वे निर्धारित समय-सीमा में सही तरीके से पूरा होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टीम के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र में सर्वे की प्रभावी निगरानी करने को कहा।
नेटवर्क समस्या का बहाना नहीं चलेगा
जिला कृषि पदाधिकारी मो. साहिद अंसारी को टीम के प्रत्येक सदस्य से व्यक्तिगत संपर्क कर सर्वे कार्य की स्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नेटवर्क की समस्या होने पर नेटवर्क उपलब्ध स्थान पर जाकर सर्वे और ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।

रोज रात 9 बजे होगी प्रगति की समीक्षा
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की प्रतिदिन रात 9 बजे ऑनलाइन वीडियो संवाद के माध्यम से समीक्षा होगी। सभी संबंधित कर्मियों को अनिवार्य रूप से शामिल होकर दैनिक उपलब्धि की रिपोर्ट देनी होगी।
15 अक्टूबर तक शत-प्रतिशत लक्ष्य का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि जिले का प्रदर्शन फिलहाल स्टेट एवरेज से नीचे है। इसे तत्काल स्टेट एवरेज से बेहतर करते हुए 15 अक्टूबर तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे किसानों की वास्तविक स्थिति, फसल उत्पादन और कृषि गतिविधियों की जानकारी जुटाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
