Bokaro: सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में बीजीएच के समीप स्थित साई मंदिर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मंदिर के केयरटेकर का शव उसके कमरे से बरामद हुआ। मृतक की पहचान तेलमोचू निवासी धनेश्वर गोराई (40) के रूप में हुई है। वह मंदिर परिसर में रहकर मंदिर की देखभाल करता था। मौत के कारण का पता नहीं चल पाया है।

काफी देर तक नहीं मिला जवाब, कमरे में मिला मृत
बताया गया कि धनेश्वर गोराई मंदिर के आंगन में बने कमरे में रहता था। गुरुवार को मंदिर में फूल-माला पहुंचाने वाला व्यक्ति वहां पहुंचा और उसने धनेश्वर को आवाज लगाई। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने कमरे के अंदर जाकर देखा। वहां धनेश्वर मृत अवस्था में पड़ा था।
सूचना मिलते ही पहुंची सेक्टर-4 पुलिस
घटना की जानकारी तत्काल सेक्टर-4 थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) के शवगृह में रखवा दिया। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई।

पीछे छूटा एक बच्चा, गर्भवती है पत्नी
धनेश्वर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके परिवार में एक बच्चा है, जबकि उसकी पत्नी गर्भवती है। अचानक हुई मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मंदिर ट्रस्ट ने पत्नी को दिए 2.10 लाख रुपये
परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मंदिर के ट्रस्टी की ओर से मृतक की पत्नी को मुआवजे के तौर पर 2 लाख 10 हजार रुपये दिए गए हैं। इस सहायता से परिवार को तत्काल आर्थिक सहारा देने का प्रयास किया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही धनेश्वर गोराई की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।
