Bokaro: जरीडीह प्रखंड अंतर्गत तांतरी दक्षिणी पंचायत में शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने पंचायत भवन में विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को क्रमवार सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता
उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। वहीं, जिन मामलों में प्रक्रिया या उच्च स्तर से स्वीकृति की आवश्यकता है, उनमें नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विस्थापित परिवारों की समस्याओं पर विशेष जोर
तांतरी दक्षिणी पंचायत पुनर्वास क्षेत्र में आता है, जहां बीएसएल प्लांट के विस्थापित परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष पर्चा, पुनर्वास, नियोजन और बुनियादी सुविधाओं समेत विस्थापित परिवारों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं।

पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी के निर्देश
उपायुक्त ने विस्थापित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन सकारात्मक और ठोस पहल कर रहा है। उन्होंने विस्थापितों को पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
पात्र विस्थापितों के लिए शिविर आयोजित करने की पहल
उपायुक्त ने कहा कि संबंधित अभिलेखों और पात्रता की जांच के बाद शिविर आयोजित कर पात्र विस्थापितों को पर्चा उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसकी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पात्र लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्कूल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर निर्देश
ग्रामीणों ने विद्यालय, बाउंड्री वॉल, सोलर लाइट और सभागार निर्माण से संबंधित समस्याएं भी उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सभागार निर्माण के लिए ग्रामसभा से प्रस्ताव भेजने को कहा
सभागार निर्माण के संबंध में उपायुक्त ने ग्रामसभा से प्रस्ताव पारित कर भेजने को कहा, ताकि नियमानुसार स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। वहीं, पंचायत क्षेत्र में सोलर लाइट से जुड़ी समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया।
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन और ग्रामीणों के बीच निरंतर संवाद से ही समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम करने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
मौके पर डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, बीडीओ कुमार कनिष्क, सीओ प्रणव ऋतुराज, थाना प्रभारी विपिन चंद्र महतो, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, मुखिया शांति देवी, उप मुखिया समेत अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


