Bokaro: बोकारो जिले में आधार पंजीकरण कार्य को गति देने और आधार केंद्रों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देशानुसार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता सह नोडल पदाधिकारी सुनील चन्द्र ने की। बैठक में जिले में संचालित आधार केंद्रों की स्थिति, उनकी क्रियाशीलता और आधार पंजीकरण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।


जिले में संचालित हैं 147 आधार केंद्र
समीक्षा के दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (यूआईडी) ने जानकारी दी कि जिले में कुल 147 आधार केंद्र संचालित हैं। वहीं, शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया कि प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) स्तर पर उपलब्ध चार आधार किट निष्क्रिय हैं। इस पर अपर समाहर्ता ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर निष्क्रिय आधार किट को दोबारा सक्रिय कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के आधार पंजीकरण पर जोर
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता ने आंगनबाड़ी केंद्रों में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के आधार पंजीकरण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का सुझाव दिया। इस पर अपर समाहर्ता ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (यूआईडी) को शिविरों का रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर छोटे बच्चों का आधार पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।

आधार केंद्रों की नियमित निगरानी के निर्देश
अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों को जिले में संचालित आधार केंद्रों की स्थिति का नियमित अनुश्रवण करने और पंजीकरण कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने आधार पंजीकरण से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
विभिन्न विभागों के पदाधिकारी बैठक में हुए शामिल
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के क्षेत्रीय कार्यालय के प्रतिनिधि अब्दुल कलाम, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (यूआईडी) शैलेंद्र मिश्रा, शिक्षा विभाग के सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक डाक अधीक्षक, बोकारो तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।
