Bokaro : सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ बोकारो यातायात पुलिस ने बुधवार, 28 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात डीएसपी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान NH-32 पर आईटीआई मोड़ से तेलगड़िया मोड़ तक अवैध रूप से खड़े 36 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 23,400 रुपये का जुर्माना लगाया गया।


यातायात पुलिस ने बताया कि बार-बार चालान कटने के बावजूद जुर्माना जमा नहीं करने वाले वाहन मालिकों को चिह्नित किया जा रहा है। ऐसे वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों और मालिकों को भविष्य में सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की चेतावनी दी है। अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना और सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित होने से रोकना है।

