Bokaro: शहर के चीरा चास इलाके में हॉस्टल संचालक समेत तीन लोग चाकू से हमले में घायल हो गए। घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे की है। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। एक युवक सुमन मिंज (27) को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे में धुत थे। ASP चास वेदांत शंकर ने कहा कि आरोपी भर्रा बस्ती के रहने वाले हैं।

चीराचास थाना क्षेत्र स्थित क्रिएटिव बॉयज हॉस्टल में अज्ञात युवकों ने हॉस्टल संचालक समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। हमले में हॉस्टल संचालक रजत कुमार और दो स्टाफ सदस्य राजकुमार (21) तथा इशू कुमार (21) गंभीर रूप से घायल हो गए। रजत कुमार का इलाज मेडिकेंट अस्पताल में चल रहा है। अन्य दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
घटना को लेकर हॉस्टल संचालक के पिता रंजन कुमार सिन्हा ने चीरा चास थाने में मामला दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम पांडेय पुल के पास उत्सव वाटिका में क्रिएटिव हॉस्टल की वार्षिक मीटिंग और काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी बच्चों को हॉस्टल छोड़ने के लिए वे लोग वापस लौटे। हॉस्टल पहुंचने पर परिसर में लगे CCTV कैमरे का तार कटा हुआ मिला।

जैसे ही गेट खोला गया, अंदर से तीन अज्ञात युवक बाहर निकलने लगे। हॉस्टल संचालक और स्टाफ ने शोर मचाते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान युवकों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में रजत के कान के पास, बांह और जांघ में चाकू लगा है। वहीं, हॉस्टल के दो स्टाफ सदस्य भी हमले में घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एक आरोपी को भीड़ ने पकड़ा, दो फरार
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने भाग रहे एक आरोपी युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार होने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
