Bokaro: बोकारो के ढोरी एरिया में अवैध कोयला भंडारण के खिलाफ सीआईएसएफ ने लगातार कार्रवाई करते हुए कुल 4.925 टन अवैध कोयला जब्त किया है। सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को गुप्त सूत्रों से अमलो चेक पोस्ट, दीनदयाल चौक और करमपानी ओबी डंप एरिया के आसपास अवैध रूप से कोयला रखे जाने की सूचना मिली थी।

अमलो और करमपानी से 2.925 टन कोयला बरामद
सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की छापामारी टीम ने तत्काल कार्रवाई की। टीम ने अमलो क्षेत्र से करीब 1.500 टन और करमपानी क्षेत्र से 1.425 टन अवैध कोयला जब्त किया।
बी एंड डी और खासमहल क्षेत्र में भी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान बी एंड डी एरिया के केएमपी स्टोर से तथा खासमहल एरिया से भी अवैध कोयला बरामद किया गया। खासमहल क्षेत्र से 1.31 टन कोयला जब्त किया गया। सीआईएसएफ के अनुसार विभिन्न स्थानों से जब्त कोयले की कुल मात्रा 4.925 टन है।

सीसीएल प्रबंधन को सौंपा गया जब्त कोयला
जब्त किए गए कोयले का वजन कराने के बाद उसे सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में कोयला भंडारण और उससे जुड़ी गतिविधियां खनिज संबंधी प्रावधानों के उल्लंघन की श्रेणी में पाई गई हैं।
MMDR Act के तहत कार्रवाई की तैयारी
सीआईएसएफ ने बताया कि Mines and Minerals (Development and Regulation) Act, 1957 (MMDR Act) सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित प्राधिकरण को सूचित किया गया है। अवैध खनन, भंडारण और परिवहन से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
संयुक्त टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप कमांडेंट गारा अभिलाष, वर्क्स के सहायक कमांडेंट सार्थक बाबाजी, सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार, संतोष कुमार तिवारी, क्यूआरटी टीम, आसूचनाकर्मी सहित अन्य सीआईएसएफ जवान शामिल रहे।
अवैध कोयला कारोबार पर सीआईएसएफ की नजर
सीआईएसएफ ने कहा कि खनन क्षेत्र और उसके आसपास अवैध कोयला भंडारण, खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं। प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
