Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग में 7 से 12 सितंबर 2026 तक सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सुरक्षित कार्य पद्धतियों को बढ़ावा देने के साथ कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। सुरक्षा सप्ताह का उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक (कोक ओवन एवं कोल केमिकल) तथा मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) ने संयुक्त रूप से किया।

चार प्रमुख विषयों पर रहेगा फोकस
सुरक्षा सप्ताह के दौरान ‘पीपल’, ‘लाइन ऑफ फायर’, ‘माय एरिया- माय रिस्पॉन्सिबिलिटी’ और ‘सेफ्टी कल्चरल ट्रांसफॉर्मेशन’ जैसे चार प्रमुख विषयों पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत खतरे की पहचान, रोकथाम, सुरक्षित कार्य पद्धतियों के पालन और सकारात्मक सुरक्षा संस्कृति विकसित करने पर जोर रहेगा।
सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी
अधिकारियों ने कहा कि कार्यस्थल की सुरक्षा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सभी कर्मचारियों और संविदा कर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान उत्कृष्ट सुरक्षा प्रतिबद्धता दिखाने वाले कर्मियों को सम्मानित भी किया गया।

19 अधिकारियों ने निवारक सतर्कता कार्यक्रम में लिया हिस्सा
इधर, बीएसएल के सतर्कता विभाग की ओर से मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में 7 सितंबर से दो दिवसीय निवारक सतर्कता कार्यक्रम शुरू किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के 19 अधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक कार्यप्रणाली को मजबूत करना है।
केस स्टडी और इंटरैक्टिव सत्रों से बढ़ेगी समझ
कार्यक्रम में सीडीए रूल्स, इंटीग्रिटी पैक्ट, निवारक सतर्कता उपकरण, ऑडिट तंत्र और पीसीपी जैसे विषयों पर जानकारी दी जा रही है। केस स्टडी, ग्रुप डिस्कशन और इंटरैक्टिव सत्रों के माध्यम से जोखिम प्रबंधन तथा प्रभावी निवारक उपायों पर व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।
