Bokaro: जिला एजुकेशन परफॉर्मेंस रिव्यू रिपोर्ट में विभिन्न शैक्षणिक सूचकांकों पर कमजोर प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) प्रवीण रंजन ने जिले के 12 पीएम श्री विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापकों को शोकॉज नोटिस जारी किया है।


संबंधित प्रधानाध्यापकों को पत्र प्राप्त होने के दो दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
हर महीने 19 सूचकांकों पर होती है शैक्षणिक प्रदर्शन की समीक्षा
डीईओ की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के सचिव द्वारा प्रत्येक माह 19 अलग-अलग सूचकांकों के आधार पर जिलों के शैक्षणिक प्रदर्शन की समीक्षा की जाती है।

अगस्त माह में जारी जिला एजुकेशन परफॉर्मेंस रिव्यू रिपोर्ट में पीएम श्री विद्यालयों में पिछले तीन वर्षों के नामांकन की स्थिति के सूचकांक पर बोकारो का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया। इस सूचकांक में बोकारो जिला राज्य में 24वें स्थान पर रहा।
यू-डायस आंकड़ों में 576 विद्यार्थियों की कमी
वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 के यू-डायस पोर्टल पर दर्ज नामांकन आंकड़ों के अनुसार, पहले वर्ष की तुलना में वर्तमान वर्ष में करीब 576 विद्यार्थियों की कमी दर्ज की गई है।नामांकन में आई इस गिरावट को लेकर विभाग ने गंभीर चिंता जताई है। संबंधित विद्यालय प्रबंधन से विद्यार्थियों की संख्या घटने के कारणों को स्पष्ट करने को कहा गया है।
पीएम श्री योजना के उद्देश्य पर उठे सवाल
डीईओ ने अपने पत्र में कहा है कि पीएम श्री योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत चयनित विद्यालयों में विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने के साथ आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाते हैं।
योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना और विद्यालयों में नामांकन को बढ़ावा देना है। ऐसे में नामांकन में गिरावट को विभाग ने गंभीरता से लिया है।
सभी नामांकित विद्यार्थियों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश
शोकॉज नोटिस में प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि सभी नामांकित विद्यार्थियों की विवरणी यू-डायस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।
साथ ही, नामांकन में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने अथवा विद्यार्थियों की संख्या में कमी के स्पष्ट कारण भी विभाग को उपलब्ध कराने होंगे। निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर अग्रेतर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
इन पीएम श्री विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापकों को भेजा गया नोटिस
शोकॉज किए गए विद्यालयों में प्रमुख रूप से पीएम श्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय बेरमो, न्यू भागलपुर बेरमो, यूपीजी राजकीयकृत हाई स्कूल संडे बाजार बेरमो, कोरिया चंदनकियारी, राजकीयकृत मध्य विद्यालय तेलो चंद्रपुरा, यूपीजी राजकीयकृत हाई स्कूल धवैया गोमिया, बहादुरपुर जरीडीह, एसएस प्लस टू हाई स्कूल कसमार, यूपीजी राजकीयकृत हाई स्कूल बिरनी नावाडीह और पतकी समेत जिले के कुल 12 पीएम श्री विद्यालय शामिल हैं।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद संबंधित विद्यालयों में नामांकन की स्थिति और यू-डायस पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों को लेकर जवाबदेही बढ़ गई है।
