Bokaro: अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में फरवरी में भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब बरामदगी के मामले में करीब छह महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी संतोष महतो को पुलिस ने हजारीबाग स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

2,688 बोतल नकली विदेशी शराब हुई थी बरामद
पुलिस के अनुसार, होली 2026 के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया था। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के नरकंडी गांव में छापेमारी की गई थी।
टावर के समीप सोना महतो के एलबेस्टरनुमा मकान में छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड के नाम से करीब 2,688 बोतल नकली विदेशी शराब बरामद की गई थी। कार्रवाई के दौरान मकान मालिक सोना महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

फरवरी से पुलिस को थी संतोष महतो की तलाश
इस मामले में चतरोचट्टी थाना कांड संख्या 11/2026, दिनांक 22 फरवरी 2026 के तहत बीएनएस की धारा 274, 275, 292, 3(5) और उत्पाद अधिनियम की धारा 47A के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने संतोष महतो को नकली विदेशी शराब के कथित मुख्य निर्माता और कारोबारी के रूप में चिन्हित किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के डर से संतोष करीब छह महीने से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने हजारीबाग जिले के आंगो थाना क्षेत्र स्थित बेडम गांव में उसके घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ कई मामले दर्ज
गिरफ्तार संतोष महतो, करीब 33 वर्ष, बेडम गांव निवासी है। पुलिस ने उसके आपराधिक इतिहास में विष्णुगढ़ थाना कांड संख्या 69/2021, आंगो थाना कांड संख्या 07/2025 और चतरोचट्टी थाना कांड संख्या 11/2026 समेत अन्य मामलों का उल्लेख किया है।
विष्णुगढ़ मामले में उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 414/34 और कोल माइंस अधिनियम की धारा 30(ii) के तहत मामला दर्ज है। वहीं, आंगो थाना कांड संख्या 07/2025 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
छह सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
संतोष महतो की गिरफ्तारी के लिए की गई छापेमारी टीम में चतरोचट्टी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अनुप रंजन बाखला के अलावा आरक्षी हीरालाल महतो, इंदल चौरसिया, रामेश्वर यादव और सहदेव प्रसाद यादव शामिल थे। टीम में चालक नागेंद्र महतो भी शामिल रहे।
पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
