Bokaro : बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-6 डेली मार्केट मोड़ पर रविवार सुबह भीषण आग में कई दुकानें जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक तौर पर अवैध बिजली हुकिंग को आग की वजह माना जा रहा है। वहीं, एक दुकान में अवैध गैस रिफिलिंग किए जाने की बात भी सामने आई है। फायर कर्मियों ने लपटों के बीच से आठ जलते सिलिंडर बाहर निकाले, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
मामले के संज्ञान में आते ही उपायुक्त अजय नाथ झा ने जांच के आदेश दे दिए है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने एसडीओ चास प्रांजल ढांडा को घटना की जांच और आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। बीएसएल नगर सेवा प्रशासन को भी क्षेत्र की जांच कर सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने को कहा गया है।

उपायुक्त ने लिया संज्ञान –
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने संज्ञान लेते हुए एसडीओ चास प्रांजल ढांडा को घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। वहीं, उपायुक्त ने बीएसएल नगर सेवा प्रशासन को क्षेत्र में जांच करने तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

तीसरी घटना
बोकारो स्टील सिटी में आग लगने की यह तीसरी घटना है, जिसमें अवैध गैस रिफिलिंग की दुकान सामने आई है। इससे पहले सिवनडीह में अवैध गैस रिफिलिंग दुकान में आग लगने के बाद सिलिंडर विस्फोट हुआ था। वहीं, सेक्टर-4 सिटी सेंटर में अवैध बिजली हुकिंग से शॉर्ट सर्किट के कारण कई दुकानें जल गई थीं, जहां गैस रिफिलिंग की दुकान होने की बात सामने आई थी।
BSL टाउनशिप में अवैध हुकिंग पर सवाल
BSL टाउनशिप में अवैध बिजली हुकिंग और अतिक्रमित जमीन पर गैस रिफिलिंग की दुकानों के संचालन को लेकर सवाल उठते रहे हैं। आरोप है कि इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। नगर प्रशासन का दायरा BSL के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (HR) के अधीन है।
भविष्य में घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर जोर
जिला प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की विस्तृत जांच के साथ-साथ भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बीएसएल प्रबंधन को एहतियातन आवश्यक सुरक्षात्मक एवं निरोधात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।
