Bokaro: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर घोषित दो दिवसीय राजकीय शोक के तहत बोकारो में सोमवार, 7 सितंबर को किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही जिले में सभी सरकारी कार्यालय और सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने जिले के निजी स्कूल संचालकों से भी अपील की है कि वे राजकीय शोक में शामिल होते हुए सोमवार को अपने स्कूल बंद रखें।
DC ने कहा –
बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि रविवार को समाहरणालय परिसर में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार की स्मृति में शोक सभा का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा, “सोमवार को सभी सरकारी कार्यालय और स्कूल बंद रहेंगे। निजी स्कूल संचालकों से भी अपील की गई है कि वे इस राजकीय शोक में शामिल हों।”

दो दिन का राजकीय शोक, आधा झुका रहेगा तिरंगा
राज्य सरकार ने सुदिव्य कुमार के निधन पर 6 और 7 सितंबर को दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान उन सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है। राजकीय शोक की अवधि में किसी भी प्रकार के सरकारी समारोह का आयोजन नहीं होगा। ज्ञात हो कि मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन 6 सितंबर की सुबह गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल में हुआ। उनके निधन की खबर के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

