Bokaro : झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर 6 सितंबर को समाहरणालय परिसर में शोक सभा आयोजित की गई। उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा समेत जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों और कर्मियों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

झारखंड और बोकारो के लिए अपूरणीय क्षति
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन पूरे झारखंड के लिए बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री झारखंडी चेतना के महत्वपूर्ण स्तंभ थे और राज्य के विकास एवं जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहे। उनका अचानक निधन झारखंड और बोकारो के लिए अपूरणीय क्षति है।
विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान
उपायुक्त ने कहा कि जनकल्याण और समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के प्रति दिवंगत मंत्री की प्रतिबद्धता अनुकरणीय थी। उनके झारखंड के विकास के संकल्प को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों से समाज, राज्य एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।

दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
शोक सभा में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने दिवंगत मंत्री की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और दो मिनट का मौन रखा। उपायुक्त ने शोकाकुल परिवार, परिजनों, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की कामना की।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी
मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, एएसपी चास वेदांत शंकर, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, डीटीओ मारुति मिंज, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
