Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र ने पिग आयरन उत्पादन क्षमता और परिचालन दक्षता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संयंत्र की पिग कास्टिंग मशीन-4 (PCM-4) का सफल पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार किया गया है। नवीनीकृत PCM-4 का उद्घाटन 1 अक्टूबर 2026 को बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक-प्रभारी ने किया। मौके पर अधिशासी निदेशक (संकार्य), संबंधित विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

पिग आयरन उत्पादन में बढ़ेगी दक्षता
PCM-4 के दोबारा संचालन से संयंत्र में पिग आयरन के उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि की उम्मीद है। इसके साथ ही उत्पादन प्रक्रिया की परिचालन दक्षता बेहतर होगी और उपलब्ध संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग संभव हो सकेगा।
संसाधनों के बेहतर उपयोग से वित्तीय लाभ की संभावना
नवीनीकृत मशीन के संचालन से संयंत्र की मौजूदा उत्पादन क्षमता का बेहतर दोहन किया जा सकेगा। इससे परिचालन उत्कृष्टता को बढ़ावा मिलने के साथ अतिरिक्त वित्तीय लाभ की संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी।

सामूहिक प्रयास से पूरा हुआ चुनौतीपूर्ण कार्य
PCM-4 का पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण कार्य था। इसके सफल क्रियान्वयन में रंजन दत्त, जयंत सरकार, निरंजन कुमार सिंह, सौरभ कुमार और नरेंद्र वर्मा की विशेष भूमिका रही। संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और ठेका कर्मियों के सामूहिक प्रयास से मशीन का पुनः संचालन संभव हुआ।
