Bokaro: शहर में आज 11 दिन के बाद फिर चैन स्नैचिंग की घटना घटी। बीएस सिटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली। वारदात एसपी कार्यालय से महज कुछ दूरी पर हुई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

सिटी थाना क्षेत्र में 11 दिनों में तीसरी घटना
इसके पहले 12 जुलाई को सेक्टर-2 क्षेत्र में एक पुरुष और 13 जुलाई को लक्ष्मी मार्केट में एक महिला चेन स्नैचिंग का शिकार हो चुके हैं। बीएस सिटी थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई इन घटनाओं के बावजूद पुलिस अब तक इनमें शामिल अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
मॉर्निंग वॉक के दौरान बनाया निशाना
पीड़िता की पहचान राम दुलारी देवी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार सुबह अपने घर से उत्पाद विभाग कार्यालय के समीप मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। टहलकर वापस लौटने के दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया।

चेहरा ढंककर की चेन छीनने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़िता के अनुसार, एक आरोपी बाइक को सड़क किनारे खड़ा कर इंतजार करता रहा, जबकि दूसरा युवक काले गमछे से चेहरा ढंककर महिला के पास पहुंचा। उसने पहले उनके गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की। छीना-झपटी के दौरान महिला सड़क पर गिर गई, लेकिन बदमाश नहीं रुका। उसने दोबारा प्रयास कर करीब 14 ग्राम वजनी सोने की चेन निकाल ली और अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया।
शोर मचाने के बावजूद नहीं मिले मददगार
घटना के बाद राम दुलारी देवी ने शोर मचाकर लोगों से मदद की गुहार लगाई। हालांकि सुबह का समय होने के कारण सड़क पर लोगों की आवाजाही कम थी। इसका फायदा उठाकर दोनों बदमाश आसानी से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बीएस सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
हाई सिक्योरिटी जोन में वारदात से बढ़ी चिंता
जिस इलाके में यह घटना हुई, वहां एसपी कार्यालय, डीसी कार्यालय, डीटीओ कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
