Bokaro: जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के काशीझरिया टोला नापितझरिया में बासी भोजन खाने से एक ही परिवार के चार सदस्य बीमार हो गए। शनिवार रात बासी भोजन खाने के बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उल्टी, दस्त, तेज बुखार और शरीर में जकड़न की शिकायत के बाद सोमवार सुबह सभी को चास अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, इलाज के बाद सभी की स्थिति में सुधार है।

दोपहर का बचा भोजन खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, नापितझरिया निवासी मनोरंजन नापित उर्फ छोटू (41), उनकी पत्नी भादु देवी (37), बड़ी बेटी कुमारी लक्ष्मी (24) और छोटी बेटी बसंती कुमारी (21) ने शनिवार रात करीब 10 बजे दोपहर का बचा हुआ भात, दाल और सब्जी खाया था। भोजन करने के करीब डेढ़ घंटे बाद ही चारों को परेशानी शुरू हो गई। परिवार के सदस्यों को पहले उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, इसके बाद तेज बुखार और शरीर में जकड़न जैसी समस्या भी सामने आई। अचानक सभी की तबीयत खराब होने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

बेटे ने पड़ोसियों की मदद से पहुंचाया अस्पताल
घटना के समय परिवार का बेटा देवाशीष नापित एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। देर रात जब वह घर लौटा तो उसने माता-पिता और दोनों बहनों को गंभीर हालत में पाया। इसके बाद उसने तुरंत पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। पड़ोसियों की मदद से पहले भंड्रो गांव के एक स्थानीय ग्रामीण चिकित्सक से इलाज कराया गया, लेकिन मरीजों की हालत में विशेष सुधार नहीं हुआ। इसके बाद सोमवार सुबह सभी चारों मरीजों को चास अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
दूषित भोजन से हुई फूड पॉइजनिंग: डॉक्टर
चास अनुमंडल अस्पताल के वरीय चिकित्सक डॉ. विकास कुमार ने बताया कि चारों मरीजों की स्थिति अब पहले से बेहतर है। प्रारंभिक जांच में दूषित भोजन के कारण फूड पॉइजनिंग की संभावना जताई गई है। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में लंबे समय तक रखा हुआ भोजन खराब होने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे उसमें बैक्टीरिया या अन्य हानिकारक तत्व उत्पन्न हो सकते हैं। ऐसे भोजन के सेवन से उल्टी, दस्त, बुखार और पेट संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
लोगों से ताजा और स्वच्छ भोजन करने की अपील
डॉ. विकास कुमार ने लोगों से अपील की कि बरसात के मौसम में खान-पान को लेकर विशेष सावधानी बरतें। लंबे समय तक रखा हुआ भोजन खाने से बचें और हमेशा ताजा एवं स्वच्छ भोजन का ही सेवन करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर फूड पॉइजनिंग जैसी घटनाओं से बचा जा सकता है।

